देहरादून, आठ अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड सरकार के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को अगले साल होने वाले हरिद्वार अर्धकुंभ मेला से जुड़ी तैयारियों, उससे संबंधित परियोजनाओं तथा अन्य आवश्यक कार्यों को समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
यहां आयोजित एक समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि अस्थायी पुलों के निर्माण की निरंतर निगरानी की जाए और नवंबर के अंत तक इन्हें बिना किसी देरी के पूरा किया जाए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे इस तरह से योजना बनाएं कि अर्धकुंभ मेला 2027 से संबंधित कार्यों के कारण जनगणना और चुनाव संबंधी कार्यों में कोई बाधा न आए।
उन्होंने कुंभ क्षेत्र में उचित संकेत बोर्ड लगाने और तीर्थयात्रियों को संबंधित स्थलों के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व सहित आवश्यक जानकारी प्रदान करने के लिए ‘क्यूआर कोड’ चस्वका सुझाव दिया।
इसके अतिरिक्त, बर्द्धन ने कहा कि कुंभ क्षेत्र के भीतर विभिन्न स्थानों और सुविधाओं के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए एक समर्पित ऐप विकसित किया जा सकता है।
मुख्य सचिव ने पार्किंग व्यवस्था और वैकल्पिक मार्गों पर भी चर्चा की और कहा कि सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्य शुरू किए जाने चाहिए।
बैठक में उन्होंने सिंचाई और पेयजल विभागों द्वारा शुरू की गई विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की निरंतर निगरानी की आवश्यकता पर भी जोर दिया और कहा कि हरिद्वार अर्धकुंभ मेले के प्रारंभ होने से पहले ये सभी कार्य पूरे होने चाहिए।
भाषा दीप्ति
संतोष
संतोष
संतोष