Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

पूर्वी यूक्रेन में रूस के हमलों में 30 लोगों की मौत

कीव, आठ अक्टूबर (एपी) पूर्वी यूक्रेन में रूस की ओर से किए गए हवाई हमलों में 30 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि रूस ने एक सरकारी बस को भी निशाना बनाया।

रूस ने सर्दियों की शुरुआत से पहले यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं, जिससे राजधानी कीव में बिजली संकट गहरा गया है।

क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख वादिम फिलाश्किन ने कहा कि दोनेत्स्क क्षेत्र के क्रामातोर्स्क और स्लोवियांस्क में सुरक्षा की स्थिति में तेजी से आई गिरावट के कारण सार्वजनिक परिवहन रोक दिया गया है।

फिलाश्किन ने रूस पर नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “ऐसे हालात में हमें यात्रियों और चालकों की जान जोखिम में डालने का कोई अधिकार नहीं है। क्रामातोर्स्क और स्लोवियांस्क के निवासियों की सुरक्षा सबसे अहम है।”

रूस ने इससे एक दिन पहले पूर्वी यूक्रेन के प्राइलुकी में मिसाइल हमले किए थे, जिनमें पांच बच्चों समेत 22 लोगों की मौत हो गई थी और 54 अन्य घायल हो गए थे।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि जैसे-जैसे सर्दी नजदीक आ रही है, रूस की ओर से रोजाना किए जाने वाले मिसाइल और ड्रोन हमले बढ़ सकते हैं। उन्होंने उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सदस्य देशों से अतिरिक्त रक्षा सहायता की अपील की।

जेलेंस्की ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “यह जरूरी है कि यूक्रेन की सुरक्षा के लिए जताए गए समर्थन को नये पैकेज के जरिये ठोस रूप दिया जाए। बैलिस्टिक मिसाइल विरोधी क्षमताएं, लड़ाकू विमानों के लिए गोला-बारूद और ‘इंटरसेप्टर’ में निवेश-ये सभी चीजें हर दिन लोगों की जान बचाने में सीधे तौर पर मदद कर रही हैं।”

एपी पारुल पवनेश

पवनेश