लंदन, आठ अक्टूबर (एपी) रूस के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार रॉयल नेवी (ब्रिटिश नौसेना) का एक सदस्य बृहस्पतिवार को लंदन की एक अदालत में पेश हुआ।
लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस सेवा ने कहा कि टेडी यंग (24) पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत दो अपराधों का आरोप लगाया गया है, जिनमें नवंबर 2024 से मई 2025 के बीच गोपनीय जानकारी को लीक करने की तैयारी करना भी शामिल है।
पुलिस सेवा के मुताबिक, उस अवधि में यंग ने कथित तौर पर किसी विदेशी ताकत के फायदे के लिए गोपनीय जानकारी हासिल की, उसकी प्रतियां तैयार कीं, उसे रिकॉर्ड किया और अपने पास सहेजकर रखा।
यंग को मंगलवार को लंदन के बेडफोर्डशायर स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया था। बृहस्पतिवार को उसे आरोपों का सामना करने के लिए मध्य लंदन की वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया।
क्राउन अभियोजन सेवा ने एक बयान में कहा, “आरोप है कि यंग ने रॉयल नेवी में युद्धक खुफिया रेटिंग के पद पर रहते हुए उच्च स्तर की सुरक्षा मंजूरी और खुफिया प्रणालियों तक पहुंच के साथ ब्रिटेन की रक्षा और खुफिया संबंधी संवेदनशील सामग्री हासिल की और अपने पास रखी तथा ऐसी गतिविधियों में शामिल रहा, जो किसी विदेशी शक्ति को गोपनीय जानकारी सौंपने की तैयारी के अनुरूप थीं।”
आरोप है कि यंग ने रूसी अधिकारियों से संपर्क करने के लिए ‘डार्क वेब’ का इस्तेमाल किया और एक ऐसा मैसेज तैयार किया, जिसके जरिये “एक संभावित खतरे से संपर्क करने की कोशिश” की गई थी।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपों का हाल में आरएएफ फेयरफोर्ड में हुई घटना से कोई संबंध नहीं है। आरएएफ फेयरफोर्ड ब्रिटेन का एक वायुसैनिक अड्डा है, जहां से अमेरिकी बमवर्षक विमानों ने ईरान पर हमले किए थे। पुलिस ने 27 सितंबर को वायुसेना अड्डे के पास तीन संदिग्ध वैन को रोके जाने के बाद से सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।
एपी पारुल नरेश
नरेश