देहरादून, आठ अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने लगभग एक दशक पुराने 'डेनिस' शराब के मुद्दे पर उन्हें घेरने के लिए उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर पलटवार करते हुए बृहस्पतिवार को मामले की जांच कराने की चुनौती दी ।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल 'डेनिस' को घोटाला मानते हैं और उसका दोष मुझ पर मढ़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे इसकी जांच कराएं।’’
उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में हिम्मत करे। उन्होंने कहा, ‘‘सुबोध उनियाल आज तो सरकार में हैं, वे इसमें जांच बिठाएं, विशेष जांच दल (एसटीएफ) गठित करें। मुझे कोई ऐतराज नहीं है और मैं खुद को उस एसटीएफ के सामने प्रस्तुत होने का ऑफर करता हूं।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने जो जानकारी एकत्र की है, उसके अनुसार ‘दून वैली डिस्टिलर्स' और 'हाईलैंड एंड बॉटलर्स' आज भी सरकार के संरक्षण में काम कर रही हैं और शराब की बिक्री कर रही हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 'डेनिस' सेना की कैंटीनों में भी बिक रही है।
रावत ने कहा, ‘‘यदि उस समय की डेनिस गलत थी, तो आज कैसे सही है? क्या केवल इसलिए सही है कि आज भाजपा की सरकार है?’’
उन्होंने हालांकि कहा कि उनकी सरकार के समय एक चूक जरूर हो गयी थी जिसमें उनके सलाहकार इस बात को समझ नहीं पाए कि सरकारी उपक्रम गढ़वाल मंडल विकास निगम और कुमाऊं मंडल विकास निगम को घाटे से उबारने के लिए उन्हें शराब की बिक्री का पूरा दायित्व दिया गया था, वे कैसे 'डेनिस' के लपेटे में आ गए ।
उन्होंने कहा कि सरकार का आदेश स्पष्ट था कि ‘डिस्टिलेशन’ प्रक्रिया में उत्तराखंड के फल और सब्जियों का उपयोग करने वाले ‘डिस्टिलर’ को शराब की दुकानों में 20 प्रतिशत का रिजर्व विपणन अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने हैरानी जतायी कि इस आदेश का सहारा लेकर चार महीनों तक अन्य ब्रांड को ‘ब्लॉक’ कर दिया गया।
रावत ने सवाल किया, ‘‘जब अधिकार 20 प्रतिशत का था, तो किन कारणों से और बीच में ऐसे कौन लोग थे, जिन्होंने तीन-चार महीने तक उसे लगभग 70-80 प्रतिशत में बदल दिया।’’
उन्होंने कहा कि इसकी जांच करायी जा सकती है लेकिन इसकी भी जांच करनी पड़ेगी कि आज भी 'डेनिस' कैसे धड़ल्ले से बिक रही है, जितनी उस समय बिक रही थी।
रावत ने यह भी कहा कि वह तो 'डेनिस' नाम से परिचित भी नहीं थे और बहुत दिनों तक उसे 'डेनिम' कहते रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा के दोस्तों की वजह से अब उन्हें यह नाम याद हो गया है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जैसे ही उनके ध्यान में यह तथ्य आया, उन्होंने सारी प्रक्रिया बदल दी लेकिन भाजपा सरकार आज भी 'डेनिस' को अपने आशीर्वाद से गदगद कर रही है।
रावत की यह प्रतिक्रिया हाल में भाजपा द्वारा अपने सोशल मीडिया मंच पर 'वेलकम टू डेनिस वर्ल्ड' नाम से एआई जनरेटेड वीडियो अपलोड करने के बाद आयी है।
भाषा दीप्ति संतोष अविनाश
अविनाश