चंडीगढ़, आठ अक्टूबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) और अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई की छापेमारी को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र की भाजपा-नीत सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इससे संकेत मिलता है कि भाजपा ने राज्य में चुनावी अभियान शुरू कर दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश पर, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को मान के ओएसडी और पांच अन्य लोगों के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया और मुख्यमंत्री के ‘‘शिविर कार्यालय’’ समेत कई जगहों पर तलाशी ली।
‘हुनर पंजाब’ पोर्टल के उद्घाटन के बाद संवाददाताओं ने मान से सीबीआई की कार्रवाई के बारे में पूछा गया।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया है। यही उनका तरीका है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सीबीआई की तलाशी का मतलब है कि पंजाब विधानसभा चुनाव समय पर होंगे।’’
मान ने आरोप लगाया कि जब भी किसी गैर-भाजपा शासित राज्य में चुनाव होने वाले होते हैं, तो केंद्रीय एजेंसियां कई महीने पहले छापेमारी शुरू कर देती हैं।
मान ने पश्चिम बंगाल, दिल्ली, झारखंड, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में चुनावों से पहले हुई कथित कार्रवाई का उदाहरण दिया।
जब उनसे कहा गया कि सीबीआई की कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद हुई है, तो मान ने कहा कि सीबीआई में 10-15 साल से मामले लंबित हैं और क्या उनमें इतनी तेजी से कार्रवाई होती है।
उन्होंने कहा कि वह पंजाबियों की सेवा करने के लिए राजनीति में आए हैं, पंजाब को लूटने के लिए नहीं।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश