लाहौर, आठ अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) का लगातार तीसरे साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के साथ टकराव होगा क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बृहस्पतिवार को पुष्टि की कि उसकी प्रमुख टी20 प्रतियोगिता के 12वें सत्र का आयोजन 18 मार्च से दो मई तक किया जाएगा।
पीसीबी ने एक सितंबर को लंदन में हुई पीएसएल संचालन परिषद की बैठक में आठों फ्रेंचाइजी के मालिकों और प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद प्रतियोगिता की तारीखें तय कीं।
पीएसएल की नई तारीखें एक बार फिर आईपीएल से टकरा रही है जिसका आयोजन पारंपरिक रूप से इसी अवधि के आसपास होता है। अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं और अन्य आयोजन के कारण पीसीबी ने 2025 में पीएसएल की तारीखें फरवरी-मार्च से बदल दी थी जिसके परिणामस्वरूप दोनों लीग एक ही समय पर आयोजित हुई थीं।
पीसीबी ने कहा कि कार्यक्रम, आयोजन स्थलों और टिकटों से जुड़ी जानकारी बाद में घोषित की जाएगी।
अगले चरण की तैयारियों में सीधे खिलाड़ियों से करार, खिलाड़ियों को बरकरार रखना, ट्रेड विंडो और खिलाड़ियों की नीलामी शामिल होगी।
बोर्ड ने हाल में तीनों प्रारूपों में अपने 25 मैच वाले घरेलू अंतरराष्ट्रीय सत्र के प्रसारण अधिकार 350 करोड़ रुपये में बेचे थे जो उसकी कथित शुरुआती मांग 600 करोड़ रुपये से काफी कम है।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता