देहरादून, आठ अक्टूबर (भाषा) 'बिग बॉस' से सुर्खियों में आए यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल और उसके तीन साथियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अनुराग की पत्नी के चचेरे भाई के साथ मारपीट करने और अपहरण का प्रयास करने के आरोप में चारों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, देहरादून के बंजारावाला क्षेत्र के रहने वाले राज चौहान की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ निवासी डोभाल (29) तथा उसके तीन साथियों (उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी अभिषेक (22), उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी अभय चौधरी (23) तथा हरियाणा के पानीपत निवासी कुर्बान (23)) को प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि चौहान ने छह अक्टूबर को दी अपनी तहरीर में कहा था कि डोभाल और उसके साथियों ने उसे पांच अक्टूबर को देहरादून में हरिद्वार बाईपास रोड पर मिलने के लिए बुलाया था।
उसने बताया कि वहां पहुंचने पर उन्होंने उसे अपनी गाड़ी में बिठाकर उससे मारपीट की जिसमें उसे गंभीर चोटें आयीं। शिकायत में यह भी कहा गया कि डोभाल ने उसका अपहरण करने का प्रयास भी किया।
पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर इस मामले की जांच की गयी तथा सबूतों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा दीप्ति संतोष
संतोष