सेलायंग (मलेशिया), आठ अक्टूबर (भाषा) भारत की अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम ने एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप चीन 2027 क्वालीफायर के ग्रुप ई के अपने दूसरे मुकाबले में बृहस्पतिवार को सीरिया को 2-0 से हराकर अपने अभियान में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
इराक के खिलाफ पहले मैच में भारत की रिकॉर्ड 14-0 की जीत में पांच गोल करने वाली अनुष्का (छठे और 54वें मिनट) ने दोनों हाफ में एक-एक गोल दागकर क्वालीफायर में अपने गोल की संख्या सात कर ली।
इस जीत से भारत के दो मैच में छह अंक हो गए हैं। अब ग्रुप ई में उसका आखिरी मुकाबला 11 अक्टूबर को मेजबान मलेशिया से होगा। केवल ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीम ही एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप चीन 2027 के लिए क्वालीफाई करेगी।
सीरिया को अपने शुरुआती मुकाबले में मलेशिया के हाथों 0-1 से हार मिली थी। मलेशिया और इराक के बीच बृहस्पतिवार को ही मुकाबला होगा।
भाषा सुधीर मोना
मोना