नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बृहस्पतिवार को विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ईंधन अधिभार बढ़ाने की घोषणा की। नई दरें नौ अक्टूबर से लागू होंगी।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि हाल के महीनों में विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव रहा है। इसका मुख्य कारण भू-राजनीतिक घटनाक्रम और वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर लगातार बना दबाव है।
बयान में कहा गया, ‘‘विमान ईंधन की कीमतों में हाल की बढ़ोतरी से एयरलाइंस की परिचालन लागत और बढ़ गई है। ईंधन एयरलाइन के कुल परिचालन खर्च का एक बड़ा हिस्सा होता है।’’
एयरलाइन ने कहा कि एटीएफ की उसकी परिचालन लागत में करीब 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
घरेलू उड़ानों के लिए दूरी के आधार पर संशोधित ईंधन अधिभार 400 रुपये से 1,200 रुपये के बीच होगा। वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए क्षेत्र और देश के आधार पर यह अधिभार 55 डॉलर से 215 डॉलर के बीच होगा।
कुछ दिन पहले देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने भी ईंधन अधिभार बढ़ाने की घोषणा की थी।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय