Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

एक बार राज कपूर का फिल्म का प्रस्ताव ठुकरा दिया था नाना पाटेकर ने

मुंबई, आठ अक्टूबर (भाषा) अभिनेता और फिल्मकार राज कपूर ने एक बार नाना पाटेकर को एक किरदार की पेशकश की थी, लेकिन नाना ने उसे ठुकरा दिया।

दिसंबर 2024 में ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में, पाटेकर ने उस मशहूर अभिनेता-फिल्मकार को मना करने के फैसले के पीछे की कहानी बताई। राज कपूर के बेटे ऋषि कपूर बाद में पाटेकर के करीबी दोस्त बने।

पाटेकर ने कहा, ‘‘मैं आरके स्टूडियो में शूटिंग कर रहा था, तभी राज कपूर जी ने मुझसे पूछा, 'क्या तुम मेरी फिल्म में काम करोगे?' मैंने सोचा, 'राज कपूर मुझसे पूछ रहे हैं! वह मेरे पिता के हीरो थे।' लेकिन मैंने मना कर दिया।’’

उन्होंने उस बातचीत को याद करते हुए कहा, ‘‘मैंने उनसे कहा, 'मेरे घर में, आप मेरी मां और पिता समेत सभी के पसंदीदा हीरो हैं। अगर कभी किसी सीन को लेकर हमारी राय अलग हुई, तो मैं आपको कुछ कह नहीं पाऊंगा। और अगर मैंने कहा, तो मुझे लगेगा कि मैं आपका अपमान कर रहा हूं। इसीलिए मैं आपके साथ काम नहीं कर सकता'।’’

पाटेकर का बृहस्पतिवार को उनके गोवा स्थित आवास पर निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।

उन्होंने एक बार कहा था कि उन्हें ऐसी ही उलझन तब भी हुई थी जब भारतीय सिनेमा के दिग्गज - देव आनंद और वी शांताराम - ने उनसे संपर्क किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने देव आनंद साहब से भी यही बात कही थी। एक बार वी शांताराम ने भी मुझसे पूछा था, और मैंने उनसे कहा, 'मैं आपको एक आम आदमी या साधारण निर्देशक के तौर पर नहीं देखता। आप मेरे लिए बहुत बड़े कलाकार हैं और मैं आपके साथ काम करने के बारे में सोच भी नहीं सकता’।’’

‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘यशवंत’, ‘अब तक छप्पन’ और ‘अग्नि साक्षी’ जैसी कई फिल्मों में जबरदस्त और दमदार अभिनय करने वाले नाना पाटेकर ने ऋषि कपूर के साथ अपनी ‘खूबसूरत’ दोस्ती को भी याद किया। ऋषि कपूर का अप्रैल 2020 में निधन हो गया था।

दोनों अभिनेताओं ने 1995 की फिल्म ‘हम दोनों’ में साथ काम किया था, जिसमें उन्होंने बिछड़े हुए भाइयों का रोल निभाया था।

असल जिंदगी में पाटेकर और ऋषि कपूर के बीच बहुत खुलकर बातचीत होती थी।

पाटेकर ने बताया कि मिथुन चक्रवर्ती, जैकी श्रॉफ और डैनी डेन्जोंगपा के साथ भी उनकी गहरी दोस्ती थी।

साक्षात्कार में उन्होंने यह भी याद किया था कि कैसे मराठी अभिनेता अशोक सराफ ने 1970 के दशक के आखिर और 1980 के दशक में आर्थिक रूप से उनकी मदद की थी, जब वह एक कलाकार के तौर पर संघर्ष कर रहे थे।

नाना पाटेकर ने एक समय उन पुराने कलाकारों के लिए घर बनाने की इच्छा भी ज़ाहिर की थी जिन्होंने फिल्म उद्योग में कड़ी मेहनत की थी लेकिन आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे।

भाषा वैभव सुरेश

सुरेश