Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

गोवा विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी आप, केजरीवाल ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की

पणजी, आठ अक्टूबर (भाषा) गोवा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने के साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को यहां पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की।

केजरीवाल मंगलवार से तटीय राज्य के दौरे पर हैं। उन्होंने बैठक में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, आप की गोवा इकाई के अध्यक्ष वाल्मीकि नाइक समेत अन्य नेताओं के साथ चर्चा की। आप की गोवा इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदेश टेलिकार-देसी, कार्यकारी अध्यक्ष गेर्सन गोम्स और संगठन सचिव प्रशांत नाइक भी बैठक में मौजूद थे।

पार्टी नेताओं ने विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की तैयारियों पर चर्चा की और भाजपा तथा कांग्रेस को हराने के लिए काम करने का संकल्प लिया। आप गोवा में भाजपा और कांग्रेस को ‘‘संयुक्त उपक्रम’’ बताती रही है।

यह बैठक आप और उसकी गठबंधन सहयोगी गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के बीच विपक्षी गठबंधन के विस्तार को लेकर मतभेदों के बीच हुई।

तेरह सितंबर को आप और जीएफपी ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए ‘गोवा फर्स्ट’ गठबंधन का ऐलान किया था और इसे गैर-भाजपा, गैर-कांग्रेस राजनीतिक विकल्प के तौर पर पेश किया था।

हालांकि, जीएफपी प्रमुख विजय सरदेसाई ने व्यापक गठबंधन के लिए संभावना खुली रखी और कहा कि भाजपा को चुनौती देने की कोशिशों में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को बाहर नहीं रखा जाना चाहिए।

सरदेसाई ने कहा है कि कांग्रेस को गठबंधन से बाहर रखकर विपक्ष भाजपा को हराने की उम्मीद नहीं कर सकता। वहीं आप का कहना है कि ‘गोवा फर्स्ट’ गैर-कांग्रेस, गैर-भाजपा मोर्चा है और उसने सरदेसाई के बयानों पर सवाल उठाया है।

अपनी गोवा यात्रा के दौरान केजरीवाल पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य संबंधित लोगों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश