Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

जेएसडब्ल्यू स्टील का उत्पादन दूसरी तिमाही में पांच प्रतिशत बढ़कर 72.7 लाख टन पर

नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) जेएसडब्ल्यू स्टील का कच्चे इस्पात का एकीकृत उत्पादन चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में पांच प्रतिशत बढ़कर 72.7 लाख टन हो गया। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

जेएसडब्ल्यू स्टील ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 69.5 लाख टन कच्चे इस्पात का उत्पादन किया था।

कंपनी के भारतीय परिचालन का उत्पादन भी दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर पांच प्रतिशत बढ़कर 70.7 लाख टन हो गया।

जेएसडब्ल्यू ने बीएसई को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उसके भारतीय परिचालन का क्षमता उपयोग 88 प्रतिशत रहा। सितंबर, 2026 में यह बढ़कर करीब 90 प्रतिशत हो गई। विजयनगर संयंत्र में क्षमता विस्तार के लिए बंद किए गए ब्लास्ट फर्नेस-3 में धीरे-धीरे उत्पादन बढ़ाए जाने से क्षमता उपयोग में सुधार हुआ।

कंपनी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में उसका एकीकृत कच्चा इस्पात उत्पादन चार प्रतिशत बढ़कर 1.38 करोड़ टन हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1.33 करोड़ टन था।

जेएसडब्ल्यू स्टील, विविध कारोबार वाले 25 अरब डॉलर के जेएसडब्ल्यू समूह की प्रमुख कंपनी है।

कंपनी पिछले तीन दशक में एक विनिर्माण इकाई से वृद्धि करते हुए भारत की प्रमुख एकीकृत इस्पात कंपनियों में शामिल हो गई है।

कर्नाटक के विजयनगर में कंपनी का संयंत्र भारत में एक ही स्थान पर स्थित सबसे बड़ी इस्पात उत्पादन इकाई है। इसकी मौजूदा क्षमता 1.95 करोड़ टन सालाना है, जिसे वित्त वर्ष 2029-30 तक बढ़ाकर 2.5 करोड़ टन सालाना किया जा रहा है।

भाषा यासिर अजय

अजय