नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त को उस खबर के आधार पर नोटिस जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि तीन अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने तीन महिला पत्रकारों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। एनएचआरसी ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान में कहा गया है कि एनएचआरसी का मानना है कि अगर खबर में दी गई जानकारी सही है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाती है।
आयोग ने कहा कि उसने “एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें कहा गया है कि नयी दिल्ली में जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के कर्मियों ने तीन महिला पत्रकारों का यौन उत्पीड़न किया।”
उसने बताया कि दिल्ली के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर इस मामले में दो हफ्ते के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
आयोग ने कहा कि पांच अक्टूबर को प्रकाशित खबर के मुताबिक, नयी दिल्ली जिला पुलिस को कथित घटनाओं के बारे में शिकायतें मिली थीं, जिन्हें जांच के लिए दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दिया गया।
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश