Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

जम्मू-कश्मीर के सांबा में पुलिस और बीएसएफ का संयुक्त तलाश अभियान

जम्मू, चार सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और सतर्कता बढ़ाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाश एवं इलाके की निगरानी का संयुक्त अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान रीगल गांव से शुरू हुआ और चिल्लेरियां, नडाला तथा प्लूरा क्षेत्रों तक चलाया गया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने गहन जांच की और चिह्नित मार्गों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी बनाए रखी।

अभियान के दौरान पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक विशेष संयुक्त टीम को रणनीतिक स्थान पर तैनात किया गया।

इस अभियान की निगरानी सांबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, विशेष अभियान समूह (एसओजी) के पुलिस उपाधीक्षक और बीएसएफ के एक निरीक्षक ने की।

सीमावर्ती चौकियों पर तैनात अधिकारियों ने वाहनों और उनमें सवार लोगों की विस्तृत जांच की तथा पूरे अभियान के दौरान सतर्कता बनाए रखी।

अभियान के तहत पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में सामुदायिक भागीदारी के महत्व के बारे में उन्हें जागरूक किया।

पुलिस ने स्थानीय लोगों को पुलिस नियंत्रण कक्ष सांबा और एसओजी सांबा समेत पुलिस के संपर्क नंबर उपलब्ध कराए तथा उनसे अपने क्षेत्रों में किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि, वाहन या असामान्य गतिविधि की सूचना देने की अपील की।

सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुज कुमार ने कहा कि इस संयुक्त अभियान का उद्देश्य सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करना, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाना, पुलिस की मौजूदगी को प्रभावी बनाना और स्थानीय समुदाय में सुरक्षा की भावना पैदा करना है।

उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि आम नागरिकों से मिलने वाली हर विश्वसनीय सूचना का तुरंत आकलन किया जाएगा और उसके अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश