Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

राजस्थान में कारोबारी के अपहरण मामले का मुख्य आरोपी दुबई से गिरफ्तार, जयपुर लाया गया

जयपुर, चार सितंबर (भाषा) जयपुर के एक कारोबारी के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में फरार मुख्य आरोपियों में शामिल करण आसवानी उर्फ कमल सिंधी को रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर दुबई में हिरासत में लिए जाने के बाद राजस्थान वापस लाया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मामले में भूमिका सामने आने के बाद आसवानी कथित तौर पर देश से फरार हो गया था। राजस्थान सरकार के गैंगस्टर रोधी कार्यबल (एजीटीएफ) की एक टीम उसे बृहस्पतिवार देर रात जयपुर लेकर पहुंची।

मामला पिछले वर्ष अगस्त में कारोबारी नरेंद्र नाथ दत्ता और उनके चालक के कथित अपहरण से जुड़ा है।

पुलिस के अनुसार, दत्ता 20 अगस्त, 2025 को अपने जयपुर स्थित घर से वैशाली नगर के लिए एक परिचित और चालक के साथ निकले थे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद मिला तो परिवार चिंतित हो गया।

अगले दिन परिवार को दत्ता के मोबाइल फोन से फोन आया, जिसमें उनके अपहरण की जानकारी देते हुए रिहाई के बदले फिरौती की मांग की गई थी।

पुलिस ने बाद में दत्ता और उनके चालक योगेश को मुक्त कराया तथा जांच के दौरान हर्ष गौतम, कनक गांगुली और अजय बेनीवाल उर्फ शाका को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी बनकर दत्ता और अन्य लोगों का अपहरण किया था।

उन्हें आगरा सहित अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा गया और उनके परिजनों से फिरौती मांगी गई थी।

जांच के दौरान आसवानी की कथित भूमिका सामने आई, लेकिन पुलिस की तलाश तेज होने तक वह देश छोड़ चुका था।

पुलिस ने उसके खिलाफ वारंट हासिल किया और बाद में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया।

एजीटीएफ ने इंटरपोल, अबू धाबी और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर संयुक्त अरब अमीरात में उसकी तलाश की, जिसके बाद उसे वहां हिरासत में लिया गया।

उसकी हिरासत की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में एजीटीएफ की टीम 31 अगस्त को जयपुर से दुबई रवाना हुई।

टीम आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आसवानी को बृहस्पतिवार देर रात जयपुर लाई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आसवानी के खिलाफ हत्या, अपहरण और रंगदारी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

भाषा बाकोलिया

संतोष

संतोष