नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) एअर इंडिया ने शुक्रवार को जांच में मादक पदार्थ सेवन की पुष्टि होने पर फुकेत-दिल्ली उड़ान के मुख्य पायलट की सेवा समाप्त कर दी।
एयरलाइन की ओर से यह घोषणा वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) की फुकेत-दिल्ली उड़ान घटना पर प्रारंभिक रिपोर्ट जारी किए जाने के कुछ घंटे बाद की गई। रिपोर्ट में कहा गया कि पायलट द्वारा मादक पदार्थ का सेवन एक गंभीर चिंता का विषय है, और उसने नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से उचित कार्रवाई करने को कहा था।
एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, ‘‘फुकेत-दिल्ली उड़ान के मुख्य पायलट की जांच में मन:प्रभावी पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई। सुरक्षा, फिटनेस या नियामकीय आवश्यकताओं के उल्लंघन को कतई बर्दाश्त नहीं करने की एअर इंडिया की नीति के अनुरूप पायलट की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।’’
चार अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के एक विमान की 36,000 फुट की ऊंचाई पर तीनों हाइड्रोलिक प्रणालियों में लगभग एक साथ खराबी आने से विमान निर्धारित ऊंचाई से अचानक ऊपर-नीचे हुआ और इसके कारण 24 लोग घायल हो गए।
भाषा शफीक नरेश
नरेश