नवी मुंबई, चार सितंबर (भाषा) ब्राजील के पूर्व कप्तान काफू ने शुक्रवार को कहा कि अगले महीने कोलकाता में भारत और उनके देश की टीम के बीच होने वाले पहले अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले से मेजबान टीम काफी कुछ सीखेगी।
उन्होंने हालांकि दोनों देशों की फीफा रैंकिंग में बड़े अंतर को भी स्वीकार किया। भारत तीन अक्टूबर को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में पांच बार के विश्व कप चैंपियन ब्राजील के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगा।
काफू ने यहां पिल्लई विश्वविद्यालय के दौरे के दौरान पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि ब्राजील और भारत एक शानदार मैच खेलेंगे। इससे भारतीय लोगों और भारतीय राष्ट्रीय टीम को काफी फायदा होगा क्योंकि उसका सामना पांच बार की विश्व चैंपियन टीम से होगा। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप रैंकिंग के हिसाब से देखें तो ब्राजील और भारत के बीच काफी बड़ा अंतर है, लेकिन फुटबॉल आधुनिक हो चुका है। ’’
काफू (56 वर्ष) ने यह भी कहा कि 2030 विश्व कप से प्रतिभागी टीमों की संख्या 48 से बढ़ाकर 64 करने की फीफा की प्रस्तावित योजना से भारत को फायदा मिलना चाहिए। हालांकि फीफा ने अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं किया है।
उन्होंने 2026 विश्व कप में कुरासाओ और केप वर्दे जैसे देशों का उदाहरण दिया जिन्होंने अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में हुए टूर्नामेंट में बड़ी टीम के खिलाफ मजबूत खेल दिखाया।
काफू ने कहा, ‘‘आज हर टीम बराबरी के स्तर पर खेलती है। आपने विश्व कप में यह देखा। कुरासाओ और केप वर्दे जैसी टीम ने सभी बड़ी राष्ट्रीय टीमों के खिलाफ बराबरी से मुकाबला किया। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब जब फीफा ने विश्व कप का विस्तार किया है और दूसरे देशों के लिए भी जगह बनाई है तो इन देशों के बीच यह जुड़ाव कायम करना भारत के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। ’’
काफू ने कहा कि अगर भारत को फुटबॉल में आगे बढ़ना है तो उसे ज्यादा से ज्यादा बच्चों को यह खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित करना होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘फुटबॉल को लोकप्रिय बनाइए, बच्चों को खेलने के लिए प्रोत्साहित कीजिए, इस खेल का प्रचार कीजिए और दुनिया की महान फुटबॉल अकादमियों से सीखिए। ’’
ब्राजील के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘‘एक सरल उदाहरण जापान, दक्षिण कोरिया और चीन का है। उन्होंने ब्राजील के कोच और खिलाड़ियों को अपने यहां बुलाया और फुटबॉल को लोकप्रिय बनाना शुरू किया। इससे इन देशों में फुटबॉल का विकास हुआ। चीन ने भी ऐसा किया और भारत के पास भी ऐसा करने के लिए सब कुछ मौजूद है। ’’
पांच बार विश्व कप जीत चुके ब्राजील की राष्ट्रीय टीम में आए बदलावों को स्वीकार करते हुए काफू ने उम्मीद जताई कि 2030 में टीम का लंबे समय से चला आ रहा खिताब का सूखा खत्म होगा। ब्राजील ने आखिरी बार 2002 में विश्व कप जीता था।
काफू ने कहा, ‘‘ब्राजील राष्ट्रीय टीम के लिहाज से मुश्किल दौर से गुजर रहा है क्योंकि विश्व कप जीते हुए 24 साल से ज्यादा हो चुके हैं और अब यह अवधि 28 साल की होने जा रही है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप इसकी तुलना उस दौर से नहीं कर सकते जब हम खेलते थे, जब हम लगभग लगातार तीन विश्व कप फाइनल में पहुंचे थे। वह दौर अब बीत चुका है। यह नयी पीढ़ी है, नए खिलाड़ी हैं और हमें पूरी उम्मीद रखनी होगी कि यह नया दौर और ये नए खिलाड़ी वही उपलब्धि हासिल कर सकें जो हमने विश्व कप फाइनल तक पहुंचकर हासिल की थी। ’’
भाषा नमिता पंत
पंत