नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को नए सिरे से तैयार करने की कवायद तेज कर दी है और इस महीने संगठन के सभी स्तरों पर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति किए जाने की संभावना है।
पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय तथा विधायक दल की आराधना मिश्रा ‘मोना’ तथा सह-प्रभारी सचिवों के साथ संगठनात्मक बदलाव तथा नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर बृहस्पतिवार और शुक्रवार को मंथन किया।
वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि पिछले दो दिनों में उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा, पार्टी के सचिवों और एआईसीसी पर्यवेक्षकों के साथ नए जिला अध्यक्षों के चयन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस अपने संगठन में व्यापक बदलाव की तैयारी कर रही है ताकि उत्तर प्रदेश में विपक्ष की स्थिति को और मजबूत किया जा सके।
वेणुगोपाल ने दावा किया, ‘‘2024 की तरह उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को सत्ता से बाहर करने का फैसला कर लिया है और कांग्रेस उसकी हार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’
पार्टी सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उत्तर प्रदेश में इस महीने से संगठन के सभी स्तरों पर नई नियुक्तियां करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी तथा अगले कुछ दिनों के भीतर नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की जा सकती है तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन में बदलाव संभव है।
सूत्रों के अनुसार, नए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के चयन के बाद संगठन के अन्य स्तरों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रयास यह किया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू करने से पहले प्रदेश संगठन और जिला अध्यक्ष पद पर नियुक्तियां कर दी जाएं।’’
उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव संभावित हैं।
भाषा हक हक नरेश
नरेश