नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों को अच्छा इंसान बनाने तथा उनका सही मार्गदर्शन करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षक अपने मार्गदर्शन और परामर्श के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनके चरित्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि एक समर्पित और संवेदनशील शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी की विशिष्ट क्षमता को पहचान सकता है। राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसे शिक्षक विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं और उन्हें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
मुर्मू ने शिक्षकों से अपने ज्ञान को लगातार अद्यतन करते रहने, प्रौद्योगिकी को अपनाने और शिक्षण की नवीन एवं प्रभावी विधियों को अपनाने का भी आग्रह किया।
उन्होंने विद्यार्थियों में स्वतंत्र चिंतन को बढ़ावा देने और उनके भीतर जिज्ञासा तथा प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति विकसित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
मुर्मू ने कहा कि शिक्षक दिवस भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन एक महान लेखक, दार्शनिक और असाधारण शिक्षक थे तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा, “शिक्षक दिवस के अवसर पर मैं देशभर के सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। मैं सभी समर्पित शिक्षकों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करती हूं। मेरी कामना है कि सभी शिक्षक ऐसी प्रबुद्ध पीढ़ियों का निर्माण करें, जो देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।”
भाषा रंजन दिलीप
दिलीप