Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

भगवान राम और कृष्ण ने दुनिया में भारत की पहचान गढ़ी: मुख्यमंत्री मोहन यादव

भोपाल, चार सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण ने दुनियाभर में भारत की पहचान गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि दोनों ने मानव रूप में धरती पर अवतार लेकर बुराइयों का नाश किया और लोगों को समृद्धि एवं खुशहाली का मार्ग दिखाया।

यादव ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित जन्माष्टमी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान कृष्ण ने जेल में जन्म लेने से लेकर बचपन तक अनेक कठिनाइयों का सामना किया और बाद में अपनी बाल लीलाओं के माध्यम से मुस्कुराते हुए लोगों के दुख दूर करने में मदद की।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भगवान कृष्ण ने दुनिया को कठिन परिस्थितियों का धैर्य और संयम के साथ सामना करना सिखाया। उन्होंने हमें कठिनाइयों पर विजय पाने और आगे बढ़ने का रास्ता तलाशने की प्रेरणा दी।’’

यादव ने कहा कि भगवान कृष्ण का जीवन शिक्षा के महत्व को भी रेखांकित करता है।

उन्होंने कहा कि कृष्ण ने उज्जैन स्थित महर्षि सांदीपनि के आश्रम में 64 कलाओं और 14 विद्याओं का ज्ञान प्राप्त किया था।

उन्होंने सांदीपनि आश्रम में कृष्ण और सुदामा की मित्रता का भी उल्लेख किया और कहा कि यह प्रसंग पीढ़ियों से प्रासंगिक बना हुआ है।

इससे पहले यादव ने भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल का पूजन और जलाभिषेक किया।

उन्होंने मक्खन और मिश्री से भरी मटकी भी फोड़ी तथा राधा रानी और बाल गोपाल के वेश में सजे बच्चों को मक्खन खिलाकर उन्हें उपहार भेंट किए।

यादव ने मध्यप्रदेश की जनता को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

भाषा दिमो संतोष

संतोष