तिरुवनंतपुरम, चार सितंबर (भाषा) केरलम में भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एम. जी. राजामणिक्कम के नाम से अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर वित्तीय धोखाधड़ी करने की कोशिश के बाद मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, तिरुवनंतपुरम सिटी साइबर थाने में राजामणिक्कम की ओर से बृहस्पतिवार को दी गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने राजामणिक्कम के नाम, आधिकारिक तस्वीरों और निजी जानकारियों का इस्तेमाल कर कई फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाए और उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल किया।
आरोपियों ने कथित तौर पर इन अकाउंट को राजामणिकम के आधिकारिक अकाउंट के रूप में पेश किया। राजामणिक्कम वर्तमान में बिजली, पर्यावरण, संसदीय कार्य और देवस्वओम विभाग के सचिव के साथ-साथ केरल राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) के सीएमडी हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने 'फेसबुक मैसेंजर' के जरिये कई लोगों से संपर्क कर पैसे ऐंठने की कोशिश की।
पुलिस ने कहा कि इन फेसबुक अकाउंट को बनाने वाले लोगों की पहचान करने के लिए मेटा से उनका विवरण मांगा गया है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश