कोलकाता, चार सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग ने मुर्शिदाबाद जिले में फरक्का के पास रेल पटरी धंसने से रेल सेवाएं बाधित होने के बाद शुक्रवार को कई मार्गों पर अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू की हैं।
विभाग ने कोलकाता, मालदा और सिलीगुड़ी के बीच ट्रेन सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए आपात कदम उठाए हैं।
परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए कई महत्वपूर्ण मार्गों पर अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू की गई हैं।
उन्होंने कहा, 'शुक्रवार को कोलकाता-सिलीगुड़ी मार्ग पर 23 अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा एक नियमित सेवा का मालदा से सिलीगुड़ी तक विस्तार किया गया है।'
उन्होंने बताया कि दुर्गापुर-बालुरघाट और कोलकाता-बालुरघाट मार्गों पर दो-दो अतिरिक्त बसें तैनात की गई हैं, जबकि मालदा और कोलकाता के बीच पांच बस सेवाएं संचालित हो रही हैं।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश