गोपेश्वर, चार सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को भालू के हमले के दौरान बचने के प्रयास में गहरी खाई में गिरने से एक महिला की मृत्यु हो गई जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा सुबह पोखरी तहसील के सुदूरवर्ती गांव सिदेली गांव से महज 100 मीटर की दूरी पर हुआ जहां पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गयी महिलाओं पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। उससे बचने के प्रयास में दोनों महिलाएं चट्टान से कई सौ फुट नीचे जा गिरी।
हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां चिकित्सकों ने विमला देवी (55) को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, विमला की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी।
वहीं, गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी (42) को प्राथमिक उपचार देने के बाद श्रीनगर गढ़वाल स्थित बेस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
मृतका के पति चंद्रशेखर ने पोखरी में संवाददाताओं को बताया कि उनकी पत्नी विमला तथा एक अन्य महिला लक्ष्मी गांव से कुछ दूरी पर स्थित बोगा जंगल में घास काट रही थीं और इसी दौरान उन पर भालू ने हमला कर दिया।
पोखरी तहसील के तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी ने पोखरी में बताया कि चमोली के जिलाधिकारी के निर्देश पर घायल महिला को बेस अस्पताल पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की व्यवस्था की गई थी, लेकिन खराब मौसम के कारण वह उड़ान नहीं भर सका। उन्होंने बताया कि इसके बाद घायल महिला को एंबुलेंस से भेजा गया ।
भाषा सं दीप्ति संतोष
संतोष
संतोष