इंफाल, चार सितंबर (भाषा) मणिपुर में विपक्षी दल कांग्रेस ने अपने विधायक दल के नेता केशम मेघचंद्र के आवास के बाहर हुए बम विस्फोट की शुक्रवार को निंदा की और इसे ‘‘लोकतंत्र पर हमला’’ बताया।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता हरेश्वर गोस्वामी ने कहा कि लोकतंत्र में मतभेदों का समाधान बातचीत और शांतिपूर्ण वार्ता के जरिए किया जाना चाहिए।
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम कांग्रेस विधायक दल के नेता के आवास के बाहर हुए बम विस्फोट को लोकतंत्र पर हमला मानते हैं। अगर अलग-अलग विचार हैं तो उनका समाधान बातचीत और शांतिपूर्ण चर्चा के जरिए किया जाना चाहिए।’’
गोस्वामी ने कहा, ‘‘हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं। यह हमला केवल मेघचंद्र पर नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पर हमला है। ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी को अब तक हमले के पीछे की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना कुछ शरारती तत्वों की करतूत है, जिन्हें ‘‘किसी ने भड़काया होगा।’’
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात थौबल जिले में मेघचंद्र के आवास के मुख्य द्वार के पास अज्ञात लोगों ने विस्फोट किया था।
पुलिस के अनुसार, विस्फोट रात करीब सवा आठ बजे वांगखेम विधानसभा क्षेत्र के यैरिपोक बिष्णु नाहा स्थित मेघचंद्र के आवास की दीवार के पास हुआ। उन्होंने कहा कि विस्फोट के लिए संभवत: हथगोले का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और विस्फोट के समय मेघचंद्र अपने घर पर मौजूद नहीं थे।
भाषा आशीष नरेश
नरेश