Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को एसआरसीसी के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे।

शिक्षक दिवस के दिन शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिससे यह अवसर और भी खास हो गया है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स भारत के प्रमुख उच्च शिक्षा संस्थानों में से एक है और वाणिज्य, अर्थशास्त्र तथा प्रबंधन के क्षेत्र में शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र है।

बयान में कहा गया है कि प्रसिद्ध उद्योगपति और समाजसेवी सर श्री राम ने 1926 में इस कॉलेज की स्थापना की थी। एक सदी के दौरान कॉलेज ने कई पीढ़ियों के विद्वानों, पेशेवरों, प्रशासकों, उद्यमियों, नीति निर्माताओं और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले लोगों को तैयार किया है।

मोदी ऐसे समय में एसआरसीसी के कार्यक्रम में भाग लेने वाले हैं, जब भाजपा ने युवा पीढ़ी तक पहुंच बनाने के अपने प्रयास तेज किए हैं।

मोदी इससे पहले 2013 में एसआरसीसी के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उस समय वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे।

प्रधानमंत्री ने इस साल अप्रैल में कॉलेज की 100वीं वर्षगांठ के मौके पर अपने आवास पर कॉलेज के शासी मंडल और एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। इस अवसर पर उन्होंने एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया था।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप