Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

राम मंदिर की जिम्मेदारी अब मेरे कंधों पर: ट्रस्ट के नए सीईओ जितेंद्र मिश्रा

(जय कृष्ण)

अयोध्या (उप्र), चार सितंबर (भाषा) श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा मंदिर के प्रबंधन, सुरक्षा और संचालन के विभिन्न पहलुओं की देखरेख के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किए जाने के दो दिन बाद एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को कहा, “राम मंदिर की जिम्मेदारी अब मेरे कंधों पर है।”

मिश्रा ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “मैंने अब सीईओ के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। जिम्मेदारी अब मेरे कंधों पर आ गई है।”

मिश्रा ने पहले खुद को “सबसे भाग्यशाली व्यक्ति” बताया था।

मिश्रा ने कहा था कि उन्हें जीवन में दो बार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं- एक बार राष्ट्र सेवा के लिए और अब श्री राम के मंदिर के संगठन और प्रशासन तथा श्री राम के भक्तों के लिए।

नवनियुक्त सीईओ बृहस्पतिवार को दिल्ली से अयोध्या पहुंचे और इस दौरान कई बैठकों में शामिल हुए। वह शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

अयोध्या से रवाना होने से पहले ‘पीटीआई वीडियो’ से बात करते हुए मिश्रा ने कहा कि उनका दौरा प्रारंभिक और परिचयात्मक था और वह दो-तीन दिन बाद फिर मंदिर नगरी लौटेंगे।

उन्होंने कहा, “अभी मैं यहां केवल एक दिन ही बिता पाया हूं, इसलिए यह प्रारंभिक परिचयात्मक दौरा था। मैं दो-तीन दिन बाद फिर अयोध्या आऊंगा।”

मिश्रा ने कहा कि उन्होंने इस दौरे का उपयोग मंदिर की कार्यप्रणाली को समझने के लिए किया और इसके संचालन की बेहतर समझ हासिल करने के बाद वह अपने विचार और योजनाएं बनाएंगे।

उन्होंने कहा, “यह एक परिचयात्मक दौरा था, जिसके दौरान मुझे मंदिर की कार्यप्रणाली से परिचय मिला। धीरे-धीरे, जैसे-जैसे मैं इसके बारे में और जानूंगा, हम इस संबंध में कुछ विचार और योजनाएं बनाएंगे।”

मंदिर के संचालन के विस्तार के मद्देनजर ट्रस्ट की प्रशासनिक और वित्तीय प्रणालियों को मजबूत करने के उद्देश्य से चल रहे पुनर्गठन के बीच मिश्रा की नियुक्ति हुई है।

ट्रस्ट ने बुधवार को गोविंद देव गिरि को महासचिव, महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया और मदन मोहन पांडेय तथा निर्मला यादव सहित नए न्यासियों को शामिल किया।

मिश्रा(62) ने भारतीय वायुसेना में चार दशक से अधिक समय तक सेवा दी और सेवानिवृत्ति से पहले पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व किया। वह “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान सेना की प्रतिक्रिया से भी जुड़े रहे थे।

बृहस्पतिवार को अयोध्या की अपनी पहली यात्रा के दौरान मिश्रा को ट्रस्ट के सदस्यों ने लेखा प्रक्रियाओं सहित इसके प्रशासनिक और वित्तीय प्रबंधों के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने सदस्यों और पदाधिकारियों के साथ बैठकें भी कीं और ट्रस्ट तथा मंदिर के कामकाज के बारे में सवाल पूछे।

आने वाले दिनों में ट्रस्ट द्वारा सीईओ के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का विवरण देते हुए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार किए जाने की उम्मीद है।

भाषा चंदन आनन्द संतोष धीरज

धीरज