नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में इस महीने होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विश्व नेताओं की मेजबानी की तैयारियों के बीच नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने शहर में नागरिक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे संचालित होने वाला कमांड सेंटर स्थापित किया है।
एनडीएमसी सचिव राहुल सिंह की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) पांच से 14 सितंबर तक पालिका केंद्र से संचालित होगा। इस दौरान नियुक्त नोडल अधिकारी अलग-अलग पालियों में काम करेंगे और शिकायतों पर नजर रखेंगे, नागरिक सेवाओं की निगरानी करेंगे और मौके पर सामने आने वाली समस्याओं का समाधान करेंगे।
भारत अपनी ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स देशों के 18वें अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। ब्रिक्स में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के अलावा कुछ अन्य देश भी शामिल हैं।
आईसीसीसी का उद्देश्य नागरिक सेवाओं के संचालन को बेहतर बनाना और स्थानीय निकायों के साथ दिल्ली पुलिस, यातायात पुलिस तथा केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) जैसी प्रमुख एजेंसियों के बीच तेजी से समन्वय सुनिश्चित करना है।
एनडीएमसी ने कहा कि कोई भी नागरिक समस्या अनदेखी न रह जाए, इसके लिए सिविल इंजीनियरिंग, उद्यान, जन स्वास्थ्य, प्रवर्तन, परिवहन, अग्निशमन और अन्य विभागों के अधिकारी दिन के समय कामकाज की देखरेख करेंगे। वहीं रात के समय प्रत्येक विभाग का एक-एक नोडल अधिकारी नियंत्रण कक्ष में मौजूद रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश