Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

एचडीएफसी बैंक, उज्जीवन एसएफबी ने नए सीईओ की तलाश शुरू की

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) एचडीएफसी बैंक और उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक ने वृद्धि के अगले चरण को आगे बढ़ाने के लिए अपने नए प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की तलाश शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि कोटक महिंद्रा बैंक और फिनो पेमेंट्स बैंक में नियुक्ति प्रक्रिया काफी आगे बढ़ गयी है।

फिनो में यह प्रक्रिया तब शुरू हुई जब उसके प्रबंध निदेशक और सीईओ ऋषि गुप्ता को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कानूनों के कथित उल्लंघन के सिलसिले में फरवरी में गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तारी के तुरंत बाद, बैंक के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) केतन मर्चेंट को अंतरिम प्रमुख नियुक्त किया गया और बोर्ड ने गुप्ता के स्थान पर नई नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की।

अगला अप्रत्याशित कदम कोटक महिंद्रा बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ अशोक वासवानी की ओर से आया, जो जून में सेवा विस्तार से पीछे हट गए। उनका प्रारंभिक तीन साल का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2026 को समाप्त होगा। बताया जा रहा है कि बैंक ने इस शीर्ष पद के लिए कुछ आंतरिक उम्मीदवारों को छांटा है।

प्रक्रिया के अनुसार किसी बैंक का बोर्ड शीर्ष कार्यकारी पद के लिए कुछ नामों को छांटता है। इसके बाद चुने गए नामों को मंजूरी के लिए भारतीय रिजर्व बैंक के पास भेजा जाता है। आरबीआई गहन जांच के बाद अपनी सहमति देता है।

इस महीने की शुरुआत में उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के एमडी और सीईओ संजीव नौटियाल ने समयपूर्व सेवानिवृत्ति की मांग की, जिससे बोर्ड को उनके स्थान पर नई नियुक्ति की तलाश करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

एसबीआई के पूर्व उप प्रबंध निदेशक नौटियाल को एक जुलाई, 2024 से तीन साल के लिए उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक (एसएफबी) का एमडी और सीईओ नियुक्त किया गया था।

एचडीएफसी बैंक में उत्तराधिकार की प्रक्रिया अधिक महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले महीने इसके प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशिधर जगदीशन फिर से नियुक्त नहीं होने की इच्छा जतायी है। बैंक के बोर्ड ने कहा है कि वह जगदीशन के उत्तराधिकारी के चयन और नियुक्ति की प्रक्रिया को समय रहते तेजी से पूरा करेगा।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण