Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

जीएसएलवी-एफ17 का सफल प्रक्षेपण भारत के वैज्ञानिक कौशल का प्रमाण: नितिन नवीन

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को देश के पहले ‘इमेजिंग’ उपग्रह को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किये जाने और भू-तुल्यकालिक उपग्रह प्रक्षेपण यान (जीएसएलवी) के जरिए निर्धारित कक्षा में स्थापित किए जाने की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश का अंतरिक्ष कार्यक्रम लगातार असाधारण नयी ऊंचाइयों को छू रहा है।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शुक्रवार को इतिहास रचते हुए भू-तुल्यकालिक कक्षा में स्थापित होने वाले देश के पहले ‘इमेजिंग’ उपग्रह का सफल प्रक्षेपण किया और भू-तुल्यकालिक उपग्रह प्रक्षेपण यान (जीएसएलवी) के जरिए 2,300 किलोग्राम से अधिक वजनी उपग्रह को निर्धारित कक्षा में स्थापित कराया।

इसरो ने बताया कि उपग्रह ईओएस-05 यहां से प्रक्षेपित होने के करीब 18 मिनट बाद निर्धारित उप-भूतुल्यकालिक अंतरण कक्षा में सफलतापूर्वक पहुंच गया।

जीएसएलवी द्वारा ले जाया गया 2,300 किलोग्राम से अधिक वजन वाला यह उपग्रह अब तक इस यान से भेजा गया सबसे भारी उपग्रह है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि जीएसएलवी-एफ17 रॉकेट का सफल प्रक्षेपण भारत की वैज्ञानिक विशेषज्ञता और प्रौद्योगिकीय उपलब्धियों का प्रमाण है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नयी ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, हमारा अंतरिक्ष कार्यक्रम स्वदेशी नवाचार और आत्मनिर्भरता पर ज़ोर देते हुए आगे बढ़ रहा है।’’

नवीन ने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सशक्त भारत के अपने सामूहिक सपने को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, इसरो, अनुसंधान संस्थानों और घरेलू उद्योगों के बीच तालमेल एक मजबूत अंतरिक्ष परितंत्र बना रहा है और वैश्विक प्रौद्योगिकी में भारत की स्थिति को मज़बूत कर रहा है।’’

भाजपा महासचिव स्मृति ईरानी ने भी सफल मिशन के लिए इसरो को बधाई दी।

उन्होंने कहा, ‘‘इसरो का हर प्रक्षेपण हमें गर्व से भर देता है। प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पार की गई हर नयी सीमा भारत की रणनीतिक स्वायत्तता को मज़बूत करती है।’’

पार्टी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस मिशन को भारत की अंतरिक्ष यात्रा के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा, ‘‘इसरो का सफल जीएसएलवी-एफ17 मिशन और ईओएस-05 की तैनाती हमारी बढ़ती अंतरिक्ष क्षमताओं में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह हमारे वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और भारत के बढ़ते अंतरिक्ष परितंत्र की उत्कृष्टता का प्रमाण है।’’

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने भी इसरो के सफल प्रक्षेपण की सराहना की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘यह उपलब्धि हमारे वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और पूरे अंतरिक्ष परितंत्र के समर्पण और उत्कृष्टता का प्रमाण है, जो अंतरिक्ष में उपस्थिति वाले प्रमुख देशों के बीच भारत की स्थिति को मज़बूत कर रहा है।’’

भाषा वैभव अविनाश

अविनाश