नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को अचानक काले बादल छा गए और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। इसके मद्देनजर मौसम विभाग ने आज शाम तक तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की चेतावनी देते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया है।
जन्माष्टमी उत्सव के लिए बाहर निकले लोग अचानक हुई इस मूसलाधार बारिश की चपेट में आ गए। जैसे ही बारिश तेज हुई, सड़कों पर पानी भर गया, हर तरफ छतरियां नजर आने लगीं और लोग बचने के लिए आश्रयों की ओर भागते दिखे।
तीन घंटे की बारिश को लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, पालम में सुबह 11:30 बजे से दोपहर ढ़ाई बजे के बीच 3.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि नजफगढ़ में सुबह साढ़े आठ बजे से 11:30 बजे के बीच 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। अधिकांश अन्य निगरानी केंद्रों पर इस अवधि के दौरान कोई बारिश दर्ज नहीं की गई।
आईएमडी ने दोपहर सवा दो बजे जारी अपने अल्पकालिक मौसम पूर्वानुमान में कहा था कि अपराह्न सवा दो बजे से शाम सवा चार बजे के बीच कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली कड़कने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने शाम पांच बजे से रात आठ बजे के बीच अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने एवं बिजली कड़कने, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर 50 से 100 मिलीमीटर तक भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान बिजली कड़कने के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश