Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

नागार्जुन सागर में पानी छोड़ें वरना मैं दोबारा पदयात्रा करूंगा : केटीआर

हैदराबाद, चार सितंबर (भाषा) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने कहा कि अगर तेलंगाना सरकार 14 सितंबर तक नागार्जुन सागर लेफ्ट कैनाल में पानी छोड़ने का कार्यक्रम घोषित नहीं करती है, तो वह हजारों किसानों के साथ कोडाड से हलिया तक पदयात्रा करेंगे।

केटीआर के नाम से मशहूर रामाराव ने आरोप लगाया कि नागार्जुन सागर परियोजना के तहत करीब 180 टीएमसी पानी उपलब्ध होने के बावजूद कांग्रेस सरकार लेफ्ट कैनाल में पानी नहीं छोड़ रही। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं।

उन्होंने कहा, “अगर सरकार 14 सितंबर तक पानी छोड़ने का स्पष्ट कार्यक्रम घोषित नहीं करती, तो मैं खुद हजारों किसानों के साथ कोडाड से हलिया तक पदयात्रा करूंगा।”

उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत एक विस्तृत योजना घोषित करे, जिसमें यह स्पष्ट हो कि किसानों तक पानी कब पहुंचेगा।

उन्होंने याद दिलाया कि उनके पिता और बीआरएस अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव ने 2003 में नलगोंडा जिले में लेफ्ट कैनाल पर निर्भर किसानों के समर्थन में कोडाड से हलिया तक इसी तरह की पदयात्रा की थी। इस पदयात्रा के जरिए तत्कालीन सरकार पर किसानों की पानी की समस्या दूर करने का दबाव बनाया गया था और वह इसमें सफल रहे थे।

उन्होंने कहा कि वह अब इसी तरह का आंदोलन शुरू करने के लिए तैयार हैं।

रामाराव ने बृहस्पतिवार शाम नलगोंडा जिले के मिर्यालगुडा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बीआरएस सरकार के कार्यकाल में समृद्ध रहा नागार्जुन सागर कमान क्षेत्र अब गंभीर संकट का सामना कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे लेफ्ट कैनाल के कमान क्षेत्र के किसानों में अपनी फसलों के लिए पानी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

उन्होंने कृषि ऋण माफी, वित्तीय सहायता और फसल बोनस के चुनावी वादे पूरे नहीं करने को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमला बोला।

रामाराव के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस विधायक बी. इलैया ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि लेफ्ट कैनाल के आधुनिकीकरण समेत नलगोंडा जिले की सिंचाई परियोजनाओं को पिछली बीआरएस सरकार के दौरान नजरअंदाज किया गया था।

उन्होंने कहा कि रामाराव पदयात्रा या इसी तरह का कोई आंदोलन करें, तब भी लोग बीआरएस पर भरोसा नहीं करेंगे।

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश