श्रीनगर, चार सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में शुक्रवार को सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान एक आतंकवादी मारा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान पुलवामा जिले के पखेरपोरा से बडगाम के यूसमर्ग की ओर संदिग्ध आतंकवादियों के एक समूह की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद शुरू किया गया था।
श्रीनगर स्थित सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने बडगाम के अशदर गली में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।’’
पोस्ट में कहा गया, ‘‘सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद हुई भीषण मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया और एक एके राइफल बरामद की गई। तलाशी अभियान जारी है।’’
अधिकारियों ने बताया कि अभियान अभी जारी है क्योंकि सुरक्षा बल उसी इलाके में छिपे एक अन्य आतंकवादी की तलाश कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकवादी की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। यह मुठभेड़ घाटी में कई महीनों की शांति के बाद हुई है।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश