Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

किआ इंडिया का हाइब्रिड प्रौद्योगिकी पर रहेगा खास जोर, प्रीमियम एसयूवी 'सोरेंटो' पेश की

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) वाहन विनिर्माता किआ इंडिया टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के साथ हाइब्रिड और सीएनजी जैसी विभिन्न प्रौद्योगिकियों को अपनाएगी। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ग्वांगगु ली ने शुक्रवार को यह बात कही।

ली ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा कि आने वाले समय में हाइब्रिड वाहन उसके उत्पाद पोर्टफोलियो का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे।

उन्होंने किआ इंडिया के सात सीट वाले प्रीमियम एसयूवी मॉडल 'सोरेंटो' को पेश किए जाने के संदर्भ में यह बात कही। कंपनी ने इस मॉडल को स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और डीजल इंजन विकल्पों में पेश किया है। सोरेंटो की कीमत 27.99 लाख रुपये से 40.39 लाख रुपये के बीच है।

ली ने कहा कि दुनियाभर के वाहन उद्योग में बदलाव आया है और अलग-अलग बाजारों ने अलग-अलग रास्ते अपनाए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में हाइब्रिड वाहनों की मांग मजबूत है, जबकि यूरोपीय संघ में ईवी को अधिक पसंद किया जा रहा है। चीन में भी अलग रुझान देखने को मिल रहा है।

भारत में ईंधन प्रौद्योगिकियों को लेकर कंपनी की रणनीति के बारे में पूछे जाने पर ली ने कहा, 'कंपनी को बाजार में बदलाव के अनुरूप तेजी से और पहले से तैयारी करनी होगी। इसी वजह से किआ ने कई तरह के पावरट्रेन पेश किए हैं।'

उन्होंने हाइब्रिड वाहनों के लिए सरकार से कर प्रोत्साहन जैसे समर्थन की जरूरत से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सरकार को ईवी का समर्थन करना चाहिए, लेकिन हाइब्रिड वाहनों के लिए सरकारी समर्थन के बिना भी काम चल सकता है।

ली ने कंपनी के 'सॉनेट' और 'सेल्टोस' जैसे मॉडल में हाइब्रिड प्रौद्योगिकी लाने की संभावना से इनकार किया। उन्होंने कहा कि इसका कारण इन वाहनों की कीमत को किफायती बनाए रखना है।

किआ के नए मॉडल 'सोरेंटो' के बारे में ली ने कहा कि हर महीने इसकी 4,000 इकाइयों की बिक्री का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें करीब 60 प्रतिशत बिक्री हाइब्रिड संस्करण से आने की उम्मीद है।

सीएनजी के बारे में उन्होंने कहा कि भारतीय बाजार में ऐसे वाहनों की मांग मजबूत है और किआ सॉनेट जैसे मॉडलों के जरिये इस खंड को लक्षित करेगी।

बिक्री में मजबूत वृद्धि को देखते हुए उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना के बारे में ली ने कहा कि इस पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा, 'हमारा लक्ष्य आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में स्थित संयंत्र की 4.31 लाख वाहनों की वार्षिक उत्पादन क्षमता का 100 प्रतिशत इस्तेमाल करना है।'

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण