मुंबई, चार सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को मंत्रालय और राज्य विधानसभा भवन में दो ‘कल्याण’ घड़ियों को लगाने की मंजूरी दी, ताकि जीपीएस समय के साथ-साथ पारंपरिक भारतीय खगोल विज्ञान को भी दिखाया जा सके।
सांस्कृतिक मामलों के विभाग के एक आदेश के अनुसार, राज्य सरकार ऐसे उपकरण खरीदने पर 10.97 लाख रुपये खर्च करेगी जिनमें पारंपरिक ‘पंचांग’, ग्रहों की स्थिति और सूर्योदय व सूर्यास्त के समय की जानकारी शामिल होगी।
निविदा प्रक्रिया के मुताबिक आर्ष विद्या प्राइवेट लिमिटेड ने ‘रुचि पत्र’ प्रक्रिया के जरिए उपकरण सप्लाई करने में दिलचस्पी दिखाई थी और यह एकमात्र ऐसी संस्था है जो ऐसी मशीनें बनाती है।
ये घड़ियां मानक और जीपीएस समय, सूर्योदय और सूर्यास्त का समय, ग्रहों की स्थिति और चाल, पंचांग, महत्वपूर्ण दिनों और खास अवधियों की जानकारी दिखाएंगी। ये भारतीय सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दिखा सकती हैं।
आदेश में कहा गया है कि पुरातत्व और संग्रहालय निदेशालय, सरकारी खरीद की तय प्रक्रिया को लागू करने और उपकरणों की समय-समय पर तकनीकी जांच करने के लिए जिम्मेदार होगा। इसके लिए खर्च पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग के पास उपलब्ध कोष से किया जाएगा।
भाषा धीरज नरेश
नरेश