(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, चार सितंबर (भाषा) अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी एडोब ने अनिल चक्रवर्ती को अपना नया अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कंपनी के अनुसार, चक्रवर्ती एक दिसंबर से पद संभालेंगे और 18 साल से अधिक समय तक कंपनी का नेतृत्व करने वाले शांतनु नारायण का स्थान लेंगे।
बयान में कहा गया कि नारायण अब कार्यकारी चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र चक्रवर्ती फिलहाल एडोब के ग्राहक अनुभव प्रबंधन कारोबार और वैश्विक बिक्री परिचालन के अध्यक्ष हैं।
नारायण ने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि एआई आधारित दौर में एडोब की वृद्धि का नेतृत्व करने के लिए अनिल सही व्यक्ति हैं। मैं कार्यकारी चेयरमैन के रूप में अपनी नई भूमिका में उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।’’
एडोब के रचनात्मकता और उत्पादकता कारोबार के अध्यक्ष डेविड वाधवानी ने कंपनी में पांच साल रहने के बाद अपने पद से हटने की घोषणा की है। वह सीईओ पद के दावेदारों में शामिल थे।
वाधवानी ने लिंक्डइन पर कहा कि उन्होंने कंपनी में अपने अगले अध्याय की शुरुआत करने का फैसला किया है और अनिल के सीईओ बनने के साथ 'एडोब' के लिए भी यह बदलाव का सही समय है।
चक्रवर्ती जनवरी 2020 में एडोब से जुड़े थे। तब उन्हें कंपनी के 'डिजिटल एक्सपीरियंस' कारोबार का नेतृत्व करने के लिए कार्यकारी उपाध्यक्ष और महाप्रबंधक नियुक्त किया गया था।
सितंबर 2020 में उन्होंने कंपनी के वैश्विक बिक्री परिचालन की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाली। इसके तहत वह एडोब के रचनात्मकता और उत्पादकता समेत सभी उत्पादों के लिए बड़े कारोबारी ग्राहकों की सेवाओं का नेतृत्व कर रहे थे।
दिसंबर 2021 में उन्हें डिजिटल एक्सपीरियंस और वैश्विक बिक्री परिचालन का अध्यक्ष बनाया गया।
एडोब में शामिल होने से पहले चक्रवर्ती चार साल तक वैश्विक उद्यम क्लाउड डेटा प्रबंधन कंपनी 'इंफॉर्मेटिका' के सीईओ रहे। वह 2013 में इंफॉर्मेटिका से कार्यकारी उपाध्यक्ष के रूप में जुड़े थे।
इंफॉर्मेटिका से पहले चक्रवर्ती ने सिमेंटेक, वेरिसाइन और मैकिन्से एंड कंपनी में वरिष्ठ पदों पर काम किया।
चक्रवर्ती ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बनारस हिंदू विश्वविद्यालय), वाराणसी से कंप्यूटर विज्ञान एवं इंजीनियरिंग में प्रौद्योगिकी स्नातक की डिग्री तथा मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से विज्ञान में स्नातकोत्तर और पीएचडी की डिग्री हासिल की है।
भाषा योगेश रमण
रमण