Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

शांति समझौते से असम के कार्बी आंगलोंग के विकास को गति मिली: मुख्यमंत्री शर्मा

गुवाहाटी, चार सितंबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि पांच साल पहले हस्ताक्षरित कार्बी शांति समझौते से कार्बी आंगलोंग जिले के विकास में तेजी आयी है।

उन्होंने कहा कि जिला विकास के मानकों पर आगे बढ़ रहा है, जो इस बात को प्रमाणित करता है कि संवाद मजबूत भविष्य का निर्माण करता है।

शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'आज हम कार्बी शांति समझौते पर हुए ऐतिहासिक हस्ताक्षर की वर्षगांठ मना रहे हैं। यह एक ऐसा महत्वपूर्ण कदम रहा जिसने असम के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य को हमेशा के लिए बदल दिया और संघर्ष के दौर को समाप्त कर स्थायी सद्भाव के एक नये अध्याय की शुरुआत की।'

वर्ष 2021 में केंद्र, राज्य सरकार और पांच प्रमुख उग्रवादी समूहों के बीच नयी दिल्ली में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे।

इस समझौते ने कार्बी आंगलोंग में अलग मातृभूमि के लिए विद्रोहियों के बीच संघर्ष के दौरान वर्षों से जारी हिंसा, हत्याओं और अपहरण के दौर को खत्म कर दिया।

कार्बी आंगलोंग जातीय कार्बी आदिवासियों का इलाका है।

शर्मा ने कहा कि इस समझौते से कार्बी लोगों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाएं पूरी हुईं और साथ ही असम की क्षेत्रीय अखंडता भी सुरक्षित रही।

मुख्यमंत्री ने कहा, “कार्बी आंगलोंग जैसे-जैसे समृद्धि की राह पर आगे बढ़ रहा है, हम शांति और एकता की उस भावना को नमन करते हैं, जिसने इस समझौते को संभव बनाया। यह इस बात का उदाहरण है कि संवाद किस तरह मजबूत भविष्य का निर्माण करता है।”

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश