Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

नेपाल: पोखरा की फेवा झील में कार गिरने से दो भारतीयों की मौत, दो घायल

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, चार सितंबर (भाषा) नेपाल के पोखरा में शुक्रवार को एक कार के फेवा झील में गिरने से दो भारतीय नागरिकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

गंडकी प्रांत पुलिस कार्यालय के प्रमुख जितेंद्र बी सी के अनुसार, बिहार के पंजीकरण नंबर वाली कार सुबह करीब चार बजकर 50 मिनट पर झील में गिर गई।

मृतकों में से एक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल निवासी 26 वर्षीय नवदीप कुमार यादव के रूप में हुई है। दूसरे भारतीय नागरिक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घायल भारतीय नागरिकों की पहचान रक्सौल निवासी 27 वर्षीय अनमोल कुमार यादव और 33 वर्षीय सूरज यादव के रूप में हुई है। दोनों को कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए गंडकी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, हादसा पोखरा-18 में गौरीचौतारा मोड़ के पास हुआ। चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और सेदी से झील किनारे जा रही कार झील में जा गिरी।

पुलिस ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बचाव अभियान के लिए करीब दो दर्जन सुरक्षाकर्मियों की टीम को मौके पर भेजा गया।

क्रेन की मदद से कार को झील से बाहर निकाला गया और बैदाम वार्ड पुलिस कार्यालय ले जाया गया।

‘ऑनलाइनखबर’ समाचार पोर्टल की खबर के अनुसार, दो लोगों को झील से बाहर निकालकर पोखरा स्वास्थ्य विज्ञान अकादमी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

भाषा शोभना संतोष

संतोष