छत्रपति संभाजीनगर, चार सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक निजी अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में शुक्रवार तड़के आग लगने के बाद नौ नवजातों को दूसरे अस्पतालों में ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शहर के जालना रोड पर स्थित एशियन अस्पताल में हुई।
अस्पताल संचालक डॉ. शोएब हाशमी ने बताया कि जब कर्मचारियों ने एसी यूनिट से धुआं निकलते देखा, तब एनआईसीयू में नौ बच्चे थे जिन्हें गहन या खास मेडिकल देखभाल की जरूरत थी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक छोटी सी घटना थी और कोई अनहोनी नहीं हुई। एहतियात के तौर पर, हमारी टीम ने बच्चों और पास के जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों को बाहर निकाला।’’
हाशमी ने बताया कि बाद में जनरल वार्ड के मरीजो को वापस ले आया गया।
उन्होंने बताया कि परिवारों की सहमति से नवजातों को दूसरे अस्पतालों में भेजा गया।
उन्होंने कहा, ‘‘अस्पताल की टीम ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को काबू में किया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। अस्पताल में अब सामान्य रूप से कामकाज हो रहा है।’’
संपर्क करने पर जवाहरनगर थाने के प्रभारी अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें आग लगने की घटना की सूचना मिली थी। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की मौत हुई।’’
भाषा वैभव देवेंद्र
देवेंद्र