Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

मोदी ने मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर बधाई दी

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने के लिए बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि इतालवी लोगों के उनकी नेतृत्व क्षमता पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।

मेलोनी (49) 22 अक्टूबर 2022 से इटली की प्रधानमंत्री हैं। बृहस्पतिवार को पद पर 1,413 दिन पूरे करने के बाद वह द्वितीय विश्व युद्ध के उपरांत इटली में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद संभालने वाली नेता बन गईं। वह इस पद पर पहुंचने वाली इटली की पहली महिला भी हैं।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने पर बधाई। यह उपलब्धि इतालवी लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।’’

मोदी ने कहा कि मेलोनी की मित्रता ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के लोगों के समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए करीबी सहयोग जारी रखने को लेकर उत्सुक हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले वर्षों में उनकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।’’

मोदी खुद 10 जून, 2026 को भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने लगातार 4,399 दिन पद पर रहते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी।

भाषा शोभना देवेंद्र

देवेंद्र