Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

मप्र में कंटेनर ट्रक से 70 लाख रुपये की व्हिस्की जब्त, तस्करी के जरिये गुजरात भेजे जाने का संदेह

इंदौर (मध्यप्रदेश), चार सितंबर (भाषा) इंदौर में आबकारी विभाग ने एक कंटेनर ट्रक से अलग-अलग ब्रांड की 70 लाख रुपये की व्हिस्की जब्त की है और इस वाहन के चालक को गिरफ्तार किया है। आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि शहर के बायपास रोड पर बृहस्पतिवार देर रात एक कंटेनर ट्रक की जांच के दौरान दो अलग-अलग ब्रांड की शराब की करीब 500 पेटियां जब्त की गई हैं।

उन्होंने बताया कि बरामद शराब का मूल्य करीब 70 लाख रुपये आंका जा रहा है।

अग्रवाल ने बताया कि शराब की बोतलों पर दर्ज है कि इसे केवल चंडीगढ़ में बेचा जा सकता है और कंटेनर के चालक के पास मदिरा की खेप के परिवहन की अनुमति से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं पाए गए।

उन्होंने बताया कि चालक को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

आबकारी विभाग के एक अन्य अधिकारी ने संदेह जताया कि शराब की खेप को तस्करी के जरिये गुजरात पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी जहां शराबबंदी लागू है।

उन्होंने बताया कि शराब तस्कर अक्सर पुलिस और आबकारी विभाग की जांच से बचने के लिए रास्ते में चालक और मार्ग बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में विस्तृत जांच जारी है।

भाषा हर्ष वैभव

वैभव