Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

तमिलनाडु के राज्यपाल, मुख्यमंत्री विजय ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं

चेन्नई, चार सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने भगवान कृष्ण को ‘‘श्याम वर्ण और अपार करुणा वाला’’ बताते हुए कहा कि जन्म से लेकर अपने अंतिम समय तक कृष्ण अपने कर्तव्य पर अडिग रहे, हर परिस्थिति का सामना किया और अपने कार्यों को गौरव के साथ पूरा किया।

आर्लेकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में शांति और युद्ध दोनों में कृष्ण की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘यही कृष्ण का जीवन और भगवद्गीता का सार है, जो हर समय लोगों को प्रेरित करता है।’’

विजय ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में जन्माष्टमी के मौके पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह ऐसा पर्व है ‘‘जब हर घर और हर हृदय आनंद से भर जाता है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘श्रीकृष्ण ने हमें सिखाया कि अन्याय पर हमेशा न्याय की जीत होती है, किसी भी परिस्थिति में अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटना चाहिए और जीवन की राह धर्म, दृढ़ता एवं विश्वास के साथ तय करनी चाहिए। इन्हीं शिक्षाओं का पालन करते हुए हम ऐसा बेहतर समाज बनाएंगे, जहां प्रेम, सद्गुण और जीवन के उच्च आदर्श फलें-फूलें।’’

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को कृष्णाष्टमी भी कहा जाता है और यह भगवान विष्णु के आठवें अवतार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। हिंदू धर्म के प्रमुख ग्रंथों में कृष्ण को केवल एक अवतार ही नहीं बल्कि स्वयं परमेश्वर और सभी अवतारों का मूल भी बताया गया है।

इस अवसर पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन करते हैं, मंदिरों को सजाया जाता है और वहां विभिन्न आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

भाषा

सिम्मी देवेंद्र

देवेंद्र