मुंबई, चार सितंबर (भाषा) एशियाई बाजारों में तेजी के बीच शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार उछाल आया। दोनों प्रमुख सूचकांकों में लगातार चार कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद तेजी लौटी।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 531.88 अंक बढ़कर 76,684.74 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 78.25 अंक की बढ़त के साथ 23,951.70 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में बजाज फिनसर्व, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, इंडिगो, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से बढ़त रही।
वहीं, एक्सिस बैंक, इटर्नल, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स के शेयरों में गिरावट रही।
घरेलू शेयर बाजार में तेजी एशियाई बाजारों में व्यापक बढ़त के अनुरूप रही। हांगकांग का हैंगसेंग दो प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 1.3 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 सूचकांक 1.11 प्रतिशत और चीन का एसएसई कम्पोजिट सूचकांक 0.35 प्रतिशत बढ़त में कारोबार कर रहा था।
अमेरिकी बाजारों में भी बृहस्पतिवार को कारोबार के दौरान प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक बढ़त के साथ बंद हुए थे, जिससे एशियाई बाजारों में सकारात्मक माहौल बना।
हालांकि, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल 0.48 प्रतिशत बढ़कर 95.98 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
इस बीच, एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 2,345.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 4,977.46 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 417.49 अंक टूटकर 76,152.86 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 41 अंक की गिरावट के साथ 23,873.45 अंक पर आ गया था। इसके साथ ही दोनों सूचकांकों में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई थी।
भाषा योगेश
योगेश