नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) कांग्रेस की पंजाब इकाई में कथित गुटबाजी के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को यहां बैठक की और राज्य में इस महीने के अंत में प्रस्तावित राहुल गांधी की यात्रा को लेकर चर्चा की।
सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस में चल रही खींचतान पर भी विचार-विमर्श किया और संगठन को मजबूत करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण फैसले जल्द लिए जाने की संभावना है।
पंजाब मामलों के कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य में राहुल गांधी की प्रस्तावित यात्रा को लेकर बैठक हुई।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस संबंध में प्रस्ताव उनके कार्यालय को भेज दिया गया है और यात्रा की तारीख जल्द तय की जाएगी।’’
बघेल ने कहा, ‘‘यात्रा 15 सितंबर के आसपास होने की संभावना है, जो इसके लिए तय की गई संभावित तारीख है।’’
सूत्रों के अनुसार, बैठक में पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई और शीर्ष नेतृत्व जल्द ही इस समस्या का समाधान कर सकता है।
भाषा शफीक रंजन
रंजन