Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

भारत ने बाढ़ से तबाह नेपाल के लिए और राहत सामग्री भेजी

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) भारत ने बृहस्पतिवार रात बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के लिए दो सैन्य परिवहन विमानों से 21 टन से अधिक आवश्यक राहत सामग्री की छठी खेप भेजी।

नेपाल के अधिकारियों के अनुसार, पिछले सप्ताह अचानक आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 1,259 हो गई है। बचावकर्मियों ने प्रभावित क्षेत्रों से कई और शव बरामद किए हैं।

आपातकालीन टीमों ने 12,000 से अधिक लोगों को बचा लिया है, जबकि करीब 5,000 लोग अब भी लापता हैं। प्रभावित क्षेत्रों में तलाश एवं बचाव अभियान जारी है।

भारत अब तक नेपाल को कुल 74 टन राहत सामग्री भेज चुका है।

नयी दिल्ली ने चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों की एक टीम के साथ-साथ खोज एवं बचाव अभियान के लिए आवश्यक उपकरणों से लैस एक तकनीकी दल भी नेपाल भेजा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा, “भारत नेपाल को मानवीय सहायता देना लगातार जारी रखे हुए है।”

उन्होंने बताया कि भारत ने नेपाल के लिए 21.5 टन राहत सामग्री लेकर दो और विमान भेजे हैं। इस राहत सामग्री में फोरेंसिक किट एवं चिकित्सा सामग्री भी शामिल है।

भारत ने राहत सामग्री की पहली खेप 26 अगस्त को भेजी थी। उसी दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बातचीत की थी। यह वही दिन था, जब हिमालयी देश नेपाल में अचानक बाढ़ आई थी।

मोदी ने बालेंद्र शाह को स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।

भाषा तान्या रंजन

रंजन