गुवाहाटी, तीन सितंबर (भाषा) कांग्रेस द्वारा बृहस्पतिवार को रायजोर दल से गठबंधन तोड़ने के कुछ घंटे बाद क्षेत्रीय दल ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को ‘‘नरम सांप्रदायिक’’ रुख अपनाने वाली पार्टी करार दिया और आरोप लगाया कि कांग्रेस एवं भाजपा के बीच वैचारिक रूप से कोई अंतर नहीं है।
रायजोर दल के कार्यकारी अध्यक्ष भास्को डे सैकिया और महासचिव रसेल हुसैन तथा चिन्मय बोरा ने संयुक्त बयान में कहा कि कांग्रेस ने ‘‘एकतरफा’’ तरीके से गठबंधन तोड़ा है।
पार्टी ने कहा, ‘‘कांग्रेस एक राष्ट्रवादी पार्टी है और साथ ही नरम सांप्रदायिक रुख अपनाती है। रायजोर दल एक क्षेत्रीय संगठन है, जो असम के हितों के लिए खड़ा है और समाजवाद में विश्वास करता है।’’
उसने कहा कि वैचारिक मतभेदों के कारण दोनों दल लंबे समय तक गठबंधन में नहीं रह सकते थे। रायजोर दल ने कहा कि उसने कांग्रेस के साथ केवल भाजपा को हराने और धर्मनिरपेक्षता की रक्षा के उद्देश्य से गठबंधन किया था।
भाषा शफीक रंजन
रंजन