हैदराबाद, तीन सितंबर (भाषा) तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव, पार्टी के कार्यकर्ताओं और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को बृहस्पतिवार को एहतियातन हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने फीस प्रतिपूर्ति के बकाये की मांग को लेकर यहां राज्य सचिवालय की ओर निकाले जा रहे उनके मार्च को रोक दिया।
तेलंगाना भाजपा द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि राव ने पार्टी नेताओं के साथ सचिवालय की ओर मार्च का नेतृत्व किया। वे आठ लाख से अधिक छात्रों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन सौंपने जा रहे थे, जिसमें लंबे समय से लंबित 15,000 करोड़ रुपये की फीस प्रतिपूर्ति राशि को तत्काल जारी करने की मांग की गई थी।
बयान में कहा गया कि राव ने हाल ही में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को पत्र लिखकर तेलंगाना भर के छात्रों से एकत्र किए गए ज्ञापनों को व्यक्तिगत रूप से सौंपने के लिए मुलाकात का समय मांगा था।
हालांकि, लाखों छात्रों को प्रभावित करने वाले इस गंभीर मुद्दे के बावजूद मुख्यमंत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष गणेश कुंडे और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं के मार्च का नेतृत्व किया। वे ज्ञापन सौंपने के लिए सचिवालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद उन्होंने वहीं विरोध प्रदर्शन किया।
भाषा तान्या रंजन
रंजन