इंफाल, तीन सितंबर (भाषा) मणिपुर के थौबल जिले में कांग्रेस विधायक दल के नेता केशम मेघचंद्र के आवास के द्वार के पास बृहस्पतिवार रात अज्ञात लोगों ने विस्फोट कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह विस्फोट रात करीब 8.15 बजे वांगखेम विधानसभा क्षेत्र के याइरीपोक विष्णु नहा इलाके में मेघचंद्र के घर की दीवार के पास हुआ।
पुलिस का कहना है कि विस्फोट में ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया होगा, सुरक्षा बल और राज्य पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरुआती जांच की।
इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि धमाके के समय मेघचंद्र घर पर नहीं थे।
मेघचंद्र के प्रवक्ता टी इबोचौबा ने कहा कि हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और उनके मकसद का भी अब तक पता नहीं चल पाया है।
भाषा सुभाष रंजन
रंजन