Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

सर्जरी के कारण विश्व एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले पाएंगे यादव

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) शीर्ष भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी सचिन यादव की दाहिनी कोहनी की सर्जरी हुई है जिसके कारण वह अगले सप्ताह बुडापेस्ट में होने वाली पहली विश्व एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। वह फिलहाल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने की स्थिति में हैं।

विश्व एथलेटिक्स की ‘रोड टू द अल्टीमेट’ सूची में शीर्ष आठ खिलाड़ी हंगरी की राजधानी में 11 से 13 सितंबर तक होने वाली सत्र के अंत की इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। यादव फिलहाल आठवें स्थान पर हैं।

हालांकि आठवां स्थान शनिवार को ब्रसेल्स में होने वाले डाइमंड लीग फाइनल्स के विजेता को मिल सकता है, बशर्ते वह पहले से शीर्ष सात में शामिल होकर क्वालीफाई नहीं कर चुका हो।

डाइमंड लीग फाइनल्स में हिस्सा लेने वाले छह खिलाड़ी ‘रोड टू द अल्टीमेट’ रैंकिंग में पहले ही शीर्ष सात में हैं इसलिए ब्रसेल्स में इनमें से किसी के जीतने पर रैंकिंग में बदलाव नहीं होगा।

केवल पोलैंड के डेविड वेगनर के ब्रसेल्स में डाइमंड लीग फाइनल जीतने की स्थिति में यादव आठवें स्थान से नीचे खिसक सकते हैं। हालांकि इसकी संभावना बेहद कम है। वेगनर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 85.67 मीटर है और वैश्विक स्तर की प्रतियोगिता में उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि पिछले महीने डाइमंड लीग के ज्यूरिख चरण में तीसरा स्थान हासिल करना है।

पहली अल्टीमेट चैंपियनशिप विश्व एथलेटिक्स की महत्वाकांक्षी परियोजना है जिसमें ओलंपिक चैंपियन, विश्व चैंपियन और डाइमंड लीग विजेता एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करेंगे।

पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथे स्थान पर रहे यादव ने बताया कि जुलाई में सर्जरी के बाद वह उबरने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

यादव ने पीटीआई से कहा, ‘‘मेरी कोहनी की सर्जरी दो महीने पहले हुई थी और मेरा सत्र समाप्त हो चुका है। मैं विश्व एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले रहा हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने दिल्ली में सर्जरी कराई और अब उबरने की प्रक्रिया से गुजर रहा हूं। उम्मीद है कि अगले सत्र तक मैं पूरी तरह फिट हो जाऊंगा।’’

भाषा सुधीर नमिता

नमिता