Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

मप्र : चरित्र पर शंका से नाराज पत्नी ने कुल्हाड़ी से पति की हत्या की, इसे हादसा दिखाने की कोशिश की

बड़वानी, तीन सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में चरित्र पर शंका किए जाने से नाराज होकर 60 वर्षीय महिला ने अपने पति की कथित रूप से कुल्हाड़ी से वार करके हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि महिला ने इस वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की, लेकिन बारीकी से की गई जांच के चलते मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

खेतिया थाना प्रभारी सुखलाल भंवर के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि ऊधम सिंह (65) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई और परिजनों ने 31 अगस्त को बिना पुलिस को सूचित किए उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।

उन्होंने बताया कि शुरुआती पूछताछ में मृतक की पत्नी द्वारकी बाई (60) ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते हुए कहा कि ऊधम सिंह लोहे की चादर पर गिर गये थे और गले में घातक चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।

हालांकि, पुलिस ने जब घटनास्थल का मुआयना किया, तो वहां मिले खून के धब्बों से उसे इस कहानी पर संदेह हुआ।

थाना प्रभारी ने बताया कि कड़ाई से पूछताछ पर द्वारकी बाई ने अपने पति की हत्या का जुर्म कथित रूप से स्वीकार कर लिया।

उन्होंने बताया, ‘‘आरोपी ने बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर शक कर रहा था जिससे घर में रोज विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इस बात को लेकर दंपति के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान महिला ने आक्रोश में कुल्हाड़ी उठाकर अपने पति के गले पर वार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।’’

भंवर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

भाषा सं. हर्ष शफीक

शफीक