नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) भाषा की विभिन्न फाइल से बृहस्पतिवार को रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार है :-
दि47मोदी भारत लीड बेल्जियम
भारत की आर्थिक प्रगति दुनिया के लिए विश्वास का स्रोत है: मोदी
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बेल्जियम के उनके समकक्ष बार्ट डी वेवर के बीच व्यापक बातचीत के बाद भारत और बेल्जियम ने बृहस्पतिवार को व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, स्वच्छ ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में अपने सहयोग को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने पर सहमति जताई।
दि99संसदीय समिति एफसीआरए
एफसीआरए विधेयक पर 31-सदस्यीय संयुक्त समिति गठित, भाजपा के संजय जायसवाल होंगे अध्यक्ष
नयी दिल्ली, विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पर विचार के लिए बृहस्पतिवार को 31-सदस्यीय संयुक्त संसदीय समिति का गठन किया गया, जिसकी अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा सदस्य संजय जायसवाल करेंगे।
वि13नेपाल लीड बाढ़
नेपाल में बाढ़ से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,252, लगातार बारिश से फिर बाढ़ का खतरा
काठमांडू, तीन सितंबर (भाषा) नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित इलाकों से लगातार शव बरामद किए जा रहे हैं जिससे मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर बृहस्पतिवार को 1,252 हो गयी है तथा भोटेकोशी नदी के ऊपरी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण फिर से बाढ़ आने का खतरा मंडरा रहा है।
दि57कांग्रेस जीडीपी
जीडीपी आकलन की नयी पद्धति की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की जाए: कांग्रेस
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के नये आंकड़ों को लेकर बृहस्पतिवार को सवाल उठाया और कहा कि मोदी सरकार को यह बताना चाहिए कि जीडीपी के आकलन की नयी पद्धति तैयार करने की प्रक्रिया क्या थी और इसमें किन विशेषज्ञों और संस्थाओं से सलाह ली गई तथा अलग-अलग घटकों को शामिल करने का आधार क्या रहा।
दि102विपक्ष राजदूत गोयल
विपक्ष का गोयल पर कटाक्ष: ‘विश्वगुरु से वीजा कार्यालय के रिसेप्शनिस्ट’
नयी दिल्ली, विपक्षी नेताओं ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पर हल्के-फुल्के अंदाज में की गई एक टिप्पणी को लेकर बृहस्पतिवार को नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा नेता को अमेरिकी राजदूत के ‘‘निजी सचिव’’ की भूमिका तक सीमित कर दिया गया है।
दि49न्यायालय बीसीआई लीड नालसार
छात्रों का आचरण नियंत्रित करने का बीसीआई के पास अधिकार नहीं : उच्चतम न्यायालय
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) और राज्य विधिज्ञ परिषदों के पास कानून के छात्रों का आचरण नियंत्रित करने की वैधानिक शक्ति नहीं है।
दि38खरगे लीड शुद्धीकरण
‘शुद्धीकरण’ छुआछूत की घटना, प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए : खरगे
नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में उनकी रैली के बाद सभास्थल का कथित तौर पर शुद्धीकरण किए जाने को छुआछूत की घटना करार देते हुए बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा को पत्र लिखकर आग्रह किया कि वह इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को निर्देश दें।
प्रादे105पंजाब चड्ढा दूसरीलीड एसआईआर
‘आप’ के कहने पर पंजाब की मसौदा मतदाता सूची में मेरे नाम के आगे ‘स्थानांतरित’ लिखा गया: राघव चढ्ढा
चंडीगढ़/नयी दिल्ली, पंजाब से राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने बृहस्पतिवार को कहा कि मसौदा मतदाता सूची में उनके नाम के आगे ‘‘स्थानांतरित’’ लिखा गया है जबकि उनका मतदाता पहचान पत्र मोहाली में पंजीकृत है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली सरकार राजनीतिक बदले की भावना से चुनावी तंत्र का इस्तेमाल कर रही है।
प्रादे183गोवा सीईसी चुनाव प्रक्रिया
राजनीतिक दल और उम्मीदवार चुनाव प्रक्रिया की समानांतर निगरानी करते हैं : मुख्य निर्वाचन आयुक्त
पणजी, मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों द्वारा देश की चुनाव प्रक्रिया की समानांतर रूप से निगरानी की जाती है।
प्रादे136तेलंगाना मंत्री दूसरी लीड बर्खास्त
रेवंत रेड्डी ने वन मंत्री कोंडा सुरेखा को मंत्रिपरिषद से हटाया, कोंडा ने आरोप लगाया
हैदराबाद , तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अपने मंत्रिमंडल की सहयोगी कोंडा सुरेखा को तत्काल प्रभाव से मंत्रिपरिषद से हटाने का बृहस्पतिवार को फैसला किया।
प्रादे122बंगाल तृणमूल दूसरीलीड अभिषेक कार्यालय
अभिषेक बनर्जी का आरोप, भाजपा समर्थित लोगों ने तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़ की; छह हिरासत में
कोलकाता, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि हथियारों से लैस भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित लोग बृहस्पतिवार तड़के यहां पार्टी के कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में जबरन घुस गये और परिसर में तोड़फोड़ की।
वि24यूक्रेन लीड जयशंकर
यूक्रेन-रूस युद्ध खत्म करने के लिए भारत 'किसी भी तरह की मदद' को तैयार: जयशंकर
कीव, भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 2022 से जारी यूक्रेन-रूस युद्ध को खत्म करने के लिए ‘‘किसी भी तरह की मदद’’ करने को तैयार है।
अर्थ34भारत अमेरिका व्यापार लीड गोयल
तरजीही दर की पेशकश के बाद ही अमेरिका के साथ व्यापार करार को अंतिम रूप देंगे : गोयल
नयी दिल्ली, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) का अंतिम प्रारूप भारत के प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले अमेरिका के तरजीही शर्तों की पेशकश करने पर ही घोषित किया जाएगा।
अर्थ35न्यायालय सेबी एनएसई
उच्चतम न्यायालय ने सेबी की एनएसई के खिलाफ याचिकाओं का निपटान किया
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को ‘को-लोकेशन’ और ‘डार्क फाइबर’ मामलों में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के खिलाफ दायर याचिकाओं का निपटान कर दिया। यह निपटान बाजार नियामक के एनएसई के साथ करीब 1,500 करोड़ रुपये के समझौते को मंजूरी दिए जाने के बाद किया गया है।
खेल8खेल एथलेटिक्स एशियाड टीम
नीरज की जगह लेंगे यशवीर, तेजस और अभिषेक को 77 खिलाड़ियों की टीम में नहीं मिली जगह
लुधियाना, राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले भाला फेंक के एथलीट यशवीर सिंह को जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए चोटिल नीरज चोपड़ा की जगह बृहस्पतिवार को 77 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स टीम में शामिल किया गया जबकि लंबी दूरी के धावक अभिषेक पाल को कथित डोपिंग उल्लघंन के लिए नाडा (राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी) से नोटिस जारी किए जाने के बाद टीम से बाहर कर दिया गया।
खेल13खेल बैडमिंटन लीड भारत
चीन मास्टर्स: श्रीकांत ने लाई को हराकर उलटफेर किया, सात्विक-चिराग भी जीते, तन्वी बाहर
शेनझेन, भारत के अनुभवी खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए बृहस्पतिवार को यहां कनाडा के विश्व में नौवें नंबर के खिलाड़ी विक्टर लाई को सीधे गेम में हराकर चीन मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव